राजस्थान रोडवेज की एक अनुबंधित बस में शुक्रवार को मेरठ के पास भीषण आग लग गई। बस जयपुर से हरिद्वार जा रही थी। हादसा मेरठ और मुजफ्फरनगर के बीच हुआ, जहां अचानक बस में आग भड़क उठी। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 26 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस नंबर RJ14 PF2607 में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद चालक और परिचालक ने तुरंत बस रोककर यात्रियों को बाहर निकाला।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था।
बड़ा हादसा टला
समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।