राजस्थान की राजधानी जयपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला जगतपुरा इलाके का है, जहां बदमाशों ने सस्पेंड पुलिस कॉन्स्टेबल का अपहरण कर लिया और उससे लूटपाट की।

घटना सोमवार (30 मार्च) रात करीब 10 बजे जगतपुरा के 7 नंबर चौराहे की है। जानकारी के अनुसार, सस्पेंड कॉन्स्टेबल तरुण राज अपने घर के पास मौजूद थे, तभी एक स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी। कार में सवार 3-4 बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया।

पत्नी ने बचाने की कोशिश की

इस दौरान शोर-शराबा सुनकर कॉन्स्टेबल की पत्नी मौके पर पहुंची और कार के आगे खड़ी होकर अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाश उसे धक्का देकर फरार हो गए।

मारपीट कर लूटे 1.25 लाख रुपये

बदमाश कॉन्स्टेबल को कार में डालकर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। उसकी जेब से करीब 40 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। इसके अलावा ऑनलाइन स्कैनर के जरिए करीब 85 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन भी करवा लिया गया। वारदात के बाद बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई वारदात

पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश या लेन-देन का एंगल

पीड़ित तरुण राज साल 2021 में जालोर में शराब तस्करों से मिलीभगत के आरोप में सस्पेंड चल रहे हैं। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले को पुरानी रंजिश या लेन-देन के विवाद से जोड़कर जांच कर रही है।

रामनगरिया थाने में पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।