राजधानी जयपुर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को करणी विहार थाना क्षेत्र के हीरापुरा स्थित 200 फीट बाइपास पर तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक सवार पिता और उनकी मासूम बेटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 हादसे के बाद ट्रोले की टक्कर से दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची करणी विहार थाना पुलिस ने घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया, जबकि बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और ट्रोले की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

लगातार दूसरे दिन हुआ बड़ा हादसा

 हीरापुरा 200 फीट बाइपास पर लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को इसी स्थान पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी थी। उस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई थी।

दो दिनों में हुए इन भीषण हादसों ने 200 फीट बाइपास की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, स्पीड कंट्रोल और सख्त निगरानी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के जिम्मेदार ट्रोला चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।