राजस्थान के जालोर जिले में सांकरणा गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गुरुवार रात दूसरे युवक की भी मौत हो गई। तीन दिन पहले हुई दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल युवक रणजीत को इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

इससे पहले हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी ओमवीर की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। इस भीषण सड़क हादसे में कुल चार लोग घायल हुए थे, जिनमें अब तक दो युवकों की जान जा चुकी है।

आमने-सामने भिड़ीं थीं दोनों बाइकें

पुलिस के अनुसार जालोर के लालपोल निवासी रणजीत पुत्र गणपतलाल हीरागर अपनी मां शांति देवी के साथ बाइक पर जालोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी ओमवीर (24) पुत्र पवन कुमार और गुजरात के जूनागढ़ निवासी अमित (18) पुत्र हिमसर परमार दूसरी बाइक पर आ रहे थे।

सांकरणा गांव के पास दोनों बाइकों की जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान गई दो युवकों की जान

घायलों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रणजीत और ओमवीर को रेफर कर दिया था। ओमवीर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। वहीं रणजीत का उदयपुर में इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार रात उसकी भी मौत हो गई।

शुक्रवार को जालोर में रणजीत का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। वहीं घायल अन्य दो लोगों का इलाज जारी है।