भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी सुर्खियों में हैं। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने एक लोकल प्रैक्टिस मैच में शानदार शतक लगाकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

समस्तीपुर में खेले गए इस मुकाबले में क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेलते हुए आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 87 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 20 चौके और एक शानदार छक्का शामिल रहा। शतक पूरा करने के बाद आशीर्वाद ने हेलमेट उतारकर जश्न मनाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

आशीर्वाद के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने उनके शतक का वीडियो और स्कोरकार्ड सोशल मीडिया पर शेयर किया। वहीं पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए लिखा कि आशीर्वाद ने अपना पहला शतक बनाया है और सभी से उस पर भी प्यार और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।

वैभव की राह पर आशीर्वाद

आशीर्वाद सूर्यवंशी अपने बड़े भाई वैभव की तरह आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह बिहार में क्रिकेट की नियमित ट्रेनिंग ले रहे हैं और क्रिकेट विशेषज्ञों की नजरों में तेजी से उभर रहे हैं।

उनकी शतकीय पारी की बदौलत क्रिकेट अकादमी ताजपुर ने 29.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। टीम के लिए शिवम राज ने भी 75 गेंदों पर 52 रन का योगदान दिया।

तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं आशीर्वाद

सूर्यवंशी परिवार में तीन भाई हैं। सबसे बड़े उज्ज्वल सूर्यवंशी, मंझले वैभव सूर्यवंशी और सबसे छोटे आशीर्वाद सूर्यवंशी हैं। पिता संजीव सूर्यवंशी और मां आरती सूर्यवंशी ने अपने बेटों के क्रिकेट करियर को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वैभव पहले ही बना चुके हैं रिकॉर्ड

आशीर्वाद के बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन चुके हैं। हाल ही में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज तथा एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में हुआ। मात्र 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर उन्होंने सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

आईपीएल 2026 में वैभव ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। अब क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अपने बड़े भाई की तरह भारतीय क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल करेंगे।