आईसीसी वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत रविवार को करेंगी। यह हाईवोल्टेज मुकाबला बर्मिंघम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा।

भारतीय महिला टीम इससे पहले 2020 में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंच चुकी है, जबकि पाकिस्तान की टीम अब तक टूर्नामेंट में पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाई है। इस वजह से आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारतीय टीम ने अब तक 40 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 22 में जीत और 18 में हार मिली है। वहीं पाकिस्तान ने 36 मैचों में सिर्फ 9 जीत हासिल की है।

हालांकि आंकड़े भारत के पक्ष में हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में हमेशा रोमांच देखने को मिलता है। पाकिस्तान ने अब तक वर्ल्ड कप में भारत को 2 बार हराया है। कुल मिलाकर दोनों टीमों के बीच खेले गए 6 वर्ल्ड कप मैचों में भारत ने 4 और पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं।

ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच खेले गए 13 मैचों में भारत ने 10 और पाकिस्तान ने 3 मुकाबले जीते हैं।

कहां देखें भारत-पाक Live Match?

आईसीसी वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर टीवी पर देखा जा सकता है। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसे जियो हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।