राजस्थान सरकार द्वारा तबादलों पर लगी रोक हटाए जाने के बाद राजधानी जयपुर में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सिविल लाइंस स्थित मंत्रियों के सरकारी आवासों के बाहर सरकारी कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
कर्मचारी अपने तबादले, पोस्टिंग और अन्य विभागीय मामलों को लेकर मंत्रियों से मुलाकात करने पहुंच रहे हैं। सुबह से ही कई मंत्रियों के आवासों पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
इन मंत्रियों के आवास पर सबसे ज्यादा भीड़
जयपुर के सिविल लाइंस स्थित गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सरकारी आवासों पर कर्मचारियों का तांता लगा हुआ है।
तबादलों के इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन और सिफारिशें लेकर मंत्रियों से मिलने पहुंच रहे हैं।
चिकित्सा विभाग में अभी भी ट्रांसफर पर रोक
हालांकि राज्य सरकार ने अधिकांश विभागों में तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फिलहाल ट्रांसफर पर प्रतिबंध जारी है। इसके बावजूद चिकित्सा मंत्री के आवास पर भी बड़ी संख्या में कर्मचारी और प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं।
सिफारिशों का दौर हुआ तेज
हर साल ट्रांसफर सीजन के दौरान जयपुर में मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के आवासों पर इसी तरह की भीड़ देखने को मिलती है। कर्मचारी अपनी पसंदीदा पोस्टिंग या स्थानांतरण के लिए जनप्रतिनिधियों की सिफारिश लेने का प्रयास करते हैं।
तबादला प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही आने वाले दिनों में मंत्रियों के आवासों पर भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।