नई दिल्ली। देशभर में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों और आने वाले दिनों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, उत्तर, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई राज्यों में तेज आंधी, बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 8 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन 12 राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा
आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
15 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न होने और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के 69 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 18 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।
मध्य प्रदेश के 17 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार के उत्तरी 9 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है, जबकि पटना समेत 21 जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर बादल छाए रहने और रात तक हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जुलाई से मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकेगी, जिससे 28 जुलाई तक दिल्ली में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 जुलाई से बारिश कम होने और उमस बढ़ने की संभावना है।
पंजाब और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
24 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
- मध्य महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट।
- पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी।
- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश की संभावना।
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश में येलो अलर्ट।
- कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं।
25 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
25 जुलाई को मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ और पूर्वी राजस्थान में बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की सलाह
आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। मानसून फिलहाल अपने सबसे सक्रिय दौर में है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम तेजी से करवट ले सकता है। यदि आप यात्रा की योजना बना रहे हैं या किसी संवेदनशील क्षेत्र में रहते हैं, तो मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखना आपके लिए बेहद जरूरी होगा।