तर्पण के दौरान डूबे पटवारी, आज होना था रिटायरमेंट, रेस्क्यू जारी
चंबल नदी में पितरों को तर्पण करने गए 60 वर्षीय पटवारी मोहनलाल गुप्ता गहरे पानी में डूब गए। दुखद बात यह है कि आज ही उनका रिटायरमेंट था। सीओ सिटी के मुताबिक मगरमच्छ द्वारा खींचने की आशंका है। गोताखोर और सिविल डिफेंस की टीम रेस्क्यू में जुटी है।
पितृ पक्ष के दौरान चंबल नदी में तर्पण करने गए एक पटवारी के साथ बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। शहर के घंटाघर इलाके के रहने वाले 60 वर्षीय पटवारी मोहनलाल गुप्ता चंबल नदी में तर्पण करते समय अचानक गहरे पानी में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। दुखद पहलू यह है कि आज ही उनका रिटायरमेंट था और ऑफिस में उनकी विदाई की तैयारियां चल रही थीं।
पैर फिसला या मगरमच्छ ने खींचा?
जानकारी के अनुसार, मोहनलाल गुप्ता बुधवार सुबह करीब 10:05 बजे अपने बेटे चित्रांश और एक दोस्त के साथ चंबल नदी किनारे पितरों का तर्पण करने पहुंचे थे। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रदीप नेहरा ने बताया कि पूजा-अर्चना के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया। इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि कोई मगरमच्छ उन्हें पानी के अंदर खींच ले गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।