राजस्थान की पहली पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) का लोकार्पण करेंगे। करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 2 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और आधिकारिक शेड्यूल जारी होना बाकी है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, तैयारियां लगभग पूरी

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, एसपीजी, सुरक्षा एजेंसियां और जिला प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटे हैं। रिफाइनरी परिसर और आसपास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होर्डिंग और स्वागत बैनर लगाए जा रहे हैं।

भाजपा और सरकार लगातार कर रही समीक्षा

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ गुरुवार को पचपदरा पहुंचेंगे। वे अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं, 3 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अंतिम तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले 28 जून को मुख्यमंत्री अधिकारियों से तैयारियों का फीडबैक ले चुके हैं।

साइकिल रैली से दिया जाएगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लोकार्पण समारोह को पर्यावरण संरक्षण अभियान से भी जोड़ा गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी पचपदरा से रिफाइनरी तक साइकिल रैली निकालेंगे। कार्यक्रम स्थल पर ई-वाहनों और साइकिलों के लिए अलग ग्रीन पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

जिलेभर में लगाए जाएंगे 2.51 लाख पौधे

प्रधानमंत्री के दौरे के अवसर पर जिला प्रशासन ने पूरे बालोतरा जिले में 2.51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 500 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और चारागाह भूमि पर भी पौधारोपण किया जाएगा। सभी पौधों की जियो-टैगिंग कर उनकी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

समारोह में करीब 5 हजार लोग होंगे शामिल

सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम में सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। समारोह में करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। जो लोग कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए जिला मुख्यालय सहित विभिन्न गांवों और शहरों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा।