राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।

राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। करीब 10 मिनट तक हुई बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार रात भी शहर में आंधी और बूंदाबांदी हुई थी। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। चंडीगढ़ से जयपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग से पहले करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद देर रात सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

सीकर जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक जिले में 76 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो लगभग 3 इंच के बराबर है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से घटकर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिले में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में शुक्रवार रात 10 बजे शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही। पावटा में 28 मिमी, विराटनगर में 25 मिमी और कोटपूतली में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। किसानों ने इसे खरीफ फसलों की बुवाई के लिए फायदेमंद बताया है।

भीलवाड़ा में शनिवार सुबह घने बादलों के बीच रिमझिम बारिश शुरू हुई। वहीं आसींद क्षेत्र में शुक्रवार शाम बिजली गिरने से एक महिला और एक छात्रा घायल हो गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

श्रीगंगानगर, चूरू और हनुमानगढ़ में भी आंधी के साथ बारिश हुई। चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां में भी मौसम बदला और हल्की से मध्यम बारिश हुई।

हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद जैसलमेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में 43.8 डिग्री, बाड़मेर में 42.7 डिग्री और बीकानेर में 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।