राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: 23 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जयपुर समेत कई शहरों में बरसे बादल
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम ने करवट ले ली है। जयपुर, सीकर, भीलवाड़ा, दौसा समेत कई जिलों में बारिश हुई है।
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। करीब 10 मिनट तक हुई बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार रात भी शहर में आंधी और बूंदाबांदी हुई थी। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। चंडीगढ़ से जयपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग से पहले करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद देर रात सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
सीकर जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक जिले में 76 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो लगभग 3 इंच के बराबर है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से घटकर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिले में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।