राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में हुआ, जहां खेत की रखवाली के लिए बनी झोपड़ी में सो रहे दादा, दादी और उनके 5 वर्षीय पोते की मौके पर ही जान चली गई।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ। क्षेत्र में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत पर बनी झोपड़ी पर गिरी, जिससे झोपड़ी में सो रहे तीनों लोग इसकी चपेट में आ गए।

कनेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान बद्रीलाल (40), उनकी पत्नी चंद्रीबाई (38) और उनके 5 वर्षीय पोते विशाल के रूप में हुई है। तीनों गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत पर बने झोपड़े में रात गुजार रहे थे।

पास की झोपड़ी में थे बेटा-बहू

घटना के समय बद्रीलाल का बेटा और बहू उसी खेत में दूसरी झोपड़ी में सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे। झोपड़ी के अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि तीनों अचेत पड़े थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

आज होगा पोस्टमॉर्टम

घटना की सूचना मिलते ही कनेरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। तीनों शवों को कनेरा सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।