राजस्थान के बाड़मेर-बालोतरा इलाके में हनीट्रैप और अपहरण का एक मामला सामने आया है। यहां एक एसी (AC) मैकेनिक को उसकी एक परिचित महिला ने पहले तो अपने जाल में फंसाया, फिर साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया और उसकी मां को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
महिला ने बहाने से बुलाया और रची साजिश
बालोतरा जिले के रहने वाले पीड़ित एसी मैकेनिक ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की शाम करीब 6 बजे उसकी परिचित पुष्पा विश्नोई का फोन आया था। महिला ने कहा कि एक जगह से पुरानी उधारी के पैसे लेने जाना है, तुम अपनी कार लेकर आ जाओ, मैं किराया दे दूंगी।
जान-पहचान होने के कारण मैकेनिक अपनी कार लेकर धोरीमन्ना के एक होटल पहुंचा, जहां से पुष्पा उसके साथ बैठ गई। रास्ते में बाड़मेर रोड पर एक ठेके के पास गाड़ी रुकवाकर महिला ने शराब और सिगरेट खरीदी। साजिश के तहत उसने मैकेनिक को भी शराब पिलाई और गाड़ी को लूंगी नाडी गांव की तरफ ले जाने को कहा।
अगवा कर बनाया न्यूड वीडियो और की 20 लाख की डिमांड
सुनसान रास्ते पर पहुंचकर महिला ने एक कोडवर्ड का इस्तेमाल करते हुए अपने दोस्त प्रकाश को फोन किया और कहा- "पेमेंट लेकर आ जाओ।" कुछ ही देर में प्रकाश अपने साथियों के साथ एक स्कॉर्पियो कार में वहां पहुंच गया।
बदमाशों ने मैकेनिक को उसकी कार से बाहर खींचा और स्कॉर्पियो में डालकर अगवा कर लिया। इसके बाद वे उसे एक सुनसान जगह ले गए, जहां उसके कपड़े उतारकर न्यूड वीडियो बनाया गया। आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों और वायर से बुरी तरह मारपीट की।
इसके बाद रात के समय बदमाशों ने पीड़ित की मां (जो पेशे से एएनएम हैं) को फोन किया। आरोपी प्रकाश ने खुद को सदर थाने का थानाधिकारी और उसके साथी ने कांस्टेबल नगाराम बताकर मां को धमकाया। उन्होंने कहा, "20 लाख रुपए की व्यवस्था कर लो, वरना तुम्हारे बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज देंगे और हाथ-पैर तोड़ देंगे।" इसी दौरान उन्होंने पीड़ित से 1 लाख रुपए की सोने की चेन, कार के ओरिजिनल कागज, चाबी और 11,850 रुपए नकद भी लूट लिए।
एक्सीडेंट से मिला मौका और बची जान
करीब 2 घंटे तक बदमाश पीड़ित को स्कॉर्पियो में डालकर घुमाते रहे। उनका एक साथी पीड़ित की स्विफ्ट कार लेकर पीछे-पीछे चल रहा था। मेघवालों की ढाणी के पास अचानक स्विफ्ट कार का एक्सीडेंट हो गया और रास्ता बंद हो गया।
यह देखकर स्कॉर्पियो सवार प्रकाश और उसका साथी गाड़ी देखने के लिए नीचे उतरे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पीड़ित मौका पाकर वहां से नग्न हालत में ही भाग निकला। वह "बचाओ-बचाओ" चिल्लाते हुए पास के एक घर में जा घुसा। शोर सुनकर 10-15 ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर बदमाश पीड़ित की कार वहीं छोड़कर अपनी स्कॉर्पियो से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने पीड़ित को पहनने के लिए कपड़े दिए और बामणोर पुलिस चौकी को सूचना दी। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर हनीट्रैप, अपहरण और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुष्पा समेत सभी फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।