राजधानी जयपुर की एक पुरानी हवेली की खुदाई के दौरान कथित तौर पर खजाना मिलने और उसके गायब होने का मामला सामने आया है। हवेली मालिक ने ठेकेदार और उसके सहयोगियों पर करोड़ों रुपये की कीमती धरोहर हड़पने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर 15 जुलाई को माणक चौक थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

परिवादी राहुल सेठी के अनुसार, त्रिपोलिया बाजार स्थित विद्याधर का रास्ता इलाके में उनकी पुश्तैनी हवेली के पुनर्निर्माण के लिए करीब छह महीने पहले ठेका दिया गया था। ठेकेदार को पहले ही स्पष्ट रूप से कहा गया था कि यदि खुदाई के दौरान कोई कीमती वस्तु, प्राचीन सामान या खजाना मिले तो उसे परिवार को सौंपा जाएगा।

मालिक का दावा- करोड़ों का खजाना गायब

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खुदाई के दौरान करीब 40 से 45 किलो चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्कों से भरे 14 से 15 कलश और 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के मिले, जिन्हें ठेकेदार और उसके साथियों ने आपस में बांट लिया।

परिवादी का यह भी दावा है कि उसके पास दो वीडियो हैं, जिनमें आरोपी कथित तौर पर खुदाई के दौरान मिले खजाने का जिक्र करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो को पुलिस को सौंपे जाने की बात भी कही गई है।

मजदूर ने खोला कथित राज

परिवार का कहना है कि हवेली में काम कर रहे एक मजदूर ने उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और ठेकेदार सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।

चांदी की कीमत सवा करोड़ से ज्यादा होने का दावा

शिकायत के अनुसार, केवल गायब हुई चांदी की सिल्लियों और पुराने सिक्कों की मौजूदा बाजार कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वहीं, सोने के सिक्कों और कलशों का वास्तविक वजन और कीमत अभी स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खुदाई के दौरान वास्तव में कोई खजाना मिला था या नहीं और लगाए गए आरोप कितने सही हैं।