री-NEET 2026 परीक्षा से पहले संभावित पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं को देखते हुए खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने पिछले पांच दिनों में जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 30 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी जयपुर ईस्ट जिले में स्थानीय पुलिस की मदद से पांच लोगों से पूछताछ की गई। हालांकि अब तक किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया, लेकिन एजेंसियां उनके बयान और गतिविधियों के आधार पर आगे की जांच कर रही हैं।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर आईबी और जयपुर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों को निगरानी सूची में रखा है। इन लोगों की गतिविधियों, संपर्कों और सोशल मीडिया नेटवर्क पर विशेष नजर रखी जा रही है। जांच एजेंसियां संभावित नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि परीक्षा से पहले किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, पेपर लीक या संगठित नकल गिरोह की गतिविधियों को रोकने के लिए खुफिया एजेंसियां लगातार फील्ड इनपुट जुटा रही हैं। इसी क्रम में तकनीकी निगरानी के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ का सिलसिला भी जारी है।

हालांकि अब तक किसी भी पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस मामले में कोई गिरफ्तारी की गई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई एहतियात के तौर पर की जा रही है ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

री-NEET 2026 परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल होने जा रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित जोखिम को लेकर सतर्क हैं और परीक्षा से पहले हर इनपुट की गंभीरता से जांच की जा रही है।