री-NEET 2026 से पहले अलर्ट पर एजेंसियां, जयपुर में 30 संदिग्धों से पूछताछ... एक दर्जन से ज्यादा निगरानी में
री-NEET 2026 परीक्षा से पहले संभावित पेपर लीक की आशंका को लेकर खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं।
री-NEET 2026 परीक्षा से पहले संभावित पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं को देखते हुए खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने पिछले पांच दिनों में जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 30 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी जयपुर ईस्ट जिले में स्थानीय पुलिस की मदद से पांच लोगों से पूछताछ की गई। हालांकि अब तक किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया, लेकिन एजेंसियां उनके बयान और गतिविधियों के आधार पर आगे की जांच कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर आईबी और जयपुर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों को निगरानी सूची में रखा है। इन लोगों की गतिविधियों, संपर्कों और सोशल मीडिया नेटवर्क पर विशेष नजर रखी जा रही है। जांच एजेंसियां संभावित नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल में जुटी हुई हैं।