जोधपुर। सोशल मीडिया पर इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई को परेशान करने और ट्रोल करने के मामले में सामने आया एक नाम अब बड़े मादक पदार्थ तस्करी के केस से जुड़ गया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच की टीम ने दौसा जिले में कार्रवाई करते हुए मालाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। जांच में उसके पास से करोड़ों रुपए की अफीम बरामद होने की बात सामने आई है।

सीबीएन टीम ने 20 जून को आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास एक कार को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान वाहन में रखे तीन बोरों से 115 किलो 160 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है।

तस्करी के दौरान आरोपी ने पहचान छिपाने और अफीम की गंध दबाने के लिए कार में रखे सामान पर इत्र और परफ्यूम का इस्तेमाल किया था। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

जांच में सामने आया कि मालाराम बिश्नोई सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था। उसने 'लॉजिक बाबा' नाम से सोशल मीडिया पेज बना रखा था, जहां उसके हजारों फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। आरोप है कि वह अनीता बिश्नोई को ऑनलाइन ट्रोल करने वालों में शामिल था।

अनीता बिश्नोई ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “जहां उसकी जगह थी, वहां चला गया और तीन बाकी हैं।” उनकी इस पोस्ट के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।

अनीता के पति ने पहले मालाराम के खिलाफ जोधपुर के बनाड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और परेशान करने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था।

बताया जा रहा है कि अब बनाड़ थाना पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर जोधपुर लाने की तैयारी कर रही है, ताकि ट्रोलिंग से जुड़े मामले में भी पूछताछ की जा सके।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग से परेशान होकर अनीता बिश्नोई ने 3 जून को अपनी जान लेने की कोशिश की थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 17 दिन इलाज के बाद 20 जून को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली।

इस पूरे मामले में सोशल मीडिया विवाद, ऑनलाइन उत्पीड़न और मादक पदार्थ तस्करी का कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं।