अनीता बिश्नोई को ट्रोल करने वाला निकला अफीम तस्कर, 5 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार बोलीं- जहां उसकी जगह थी, वहीं पहुंच गया..
जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई को ट्रोल करने वाला आरोपी मालाराम बिश्नोई मादक पदार्थ तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ है। सीबीएन नीमच की टीम ने दौसा में उसके पास से करीब 5 करोड़ रुपए की 115 किलो से ज्यादा अफीम बरामद की। आरोपी पर पहले अनीता को सोशल मीडिया पर परेशान करने का मामला भी दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद अनीता ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी।
जोधपुर। सोशल मीडिया पर इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई को परेशान करने और ट्रोल करने के मामले में सामने आया एक नाम अब बड़े मादक पदार्थ तस्करी के केस से जुड़ गया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच की टीम ने दौसा जिले में कार्रवाई करते हुए मालाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। जांच में उसके पास से करोड़ों रुपए की अफीम बरामद होने की बात सामने आई है।
सीबीएन टीम ने 20 जून को आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास एक कार को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान वाहन में रखे तीन बोरों से 115 किलो 160 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है।
तस्करी के दौरान आरोपी ने पहचान छिपाने और अफीम की गंध दबाने के लिए कार में रखे सामान पर इत्र और परफ्यूम का इस्तेमाल किया था। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।