राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र स्थित अरणियाली गांव में रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC-ST) एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते पर मोटरसाइकिल और चारपाई को लेकर शुरू हुआ विवाद
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता कल्पेश ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे गांव के रास्ते पर मोटरसाइकिल और चारपाई खड़ी होने को लेकर उनके परिवार और पड़ोसी के बीच कहासुनी हो गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता के परिवार की मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया और लाठी तथा पत्थरों से धमकाया। सूचना मिलने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।
रात में फिर बढ़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 10 बजे के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया।
इसी दौरान शिकायतकर्ता के पिता रमेश कुमार नीचे गिर गए और बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मारपीट और काटने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि झगड़े के दौरान आरोपी की पत्नी ने उसकी पीठ पर काट लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।