बाड़मेर। बाड़मेर शहर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सफाई कर्मचारी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास बने नाले के कीचड़ में जा गिरा। सूचना मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।

घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे शहर के बीएनसी होटल के सामने रेलवे ट्रैक पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जोधपुर से बाड़मेर आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से बापू कॉलोनी निवासी गौरीशंकर (39) पुत्र किशोरीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि शव ट्रैक से उछलकर पास के नाले में जा गिरा, जिससे शुरुआती तलाश के दौरान पुलिस और रेलवे कर्मियों को शव दिखाई नहीं दिया।

सूचना मिलने पर ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने आसपास सर्च अभियान चलाया। काफी देर की तलाश के बाद शव नाले के कीचड़ में मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाली थाना पुलिस के एसआई पुरखाराम ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाई ने लगाए फाइनेंसरों से प्रताड़ना के आरोप

मृतक के भाई मोहनलाल ने आरोप लगाया कि गौरीशंकर ने कुछ फाइनेंसरों से रुपए उधार लिए थे। पिछले कुछ समय से वे लगातार उनसे पैसों को लेकर दबाव बना रहे थे और मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि इसी तनाव के कारण यह घटना हुई हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें संबंधित फाइनेंसरों की पहचान की जानकारी नहीं है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की प्रताड़ना या उकसावे के साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।