प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम से पहले तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को पचपदरा रिफाइनरी का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, वीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि उद्घाटन समारोह का सफल और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे जयपुर से विशेष विमान द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 1:15 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। यहां प्रस्तावित टर्मिनल उद्घाटन स्थल का निरीक्षण करने के बाद वे हेलिकॉप्टर से पचपदरा के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 2:20 बजे रिफाइनरी परिसर पहुंचकर शाम 5:30 बजे तक तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
अधिकारियों के साथ होगी उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जनसुविधाओं, कार्यक्रम संचालन और अन्य सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
इस बैठक में प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत, जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक रमेश, एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित होगी रिफाइनरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और एचपीसीएल पिछले कई दिनों से युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा उद्घाटन समारोह से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।