पचपदरा रिफाइनरी की तैयारियों का जायजा लेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, 4 जुलाई को PM मोदी करेंगे उद्घाटन
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को पचपदरा रिफाइनरी पहुंचकर 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम से पहले तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को पचपदरा रिफाइनरी का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, वीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि उद्घाटन समारोह का सफल और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे जयपुर से विशेष विमान द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 1:15 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। यहां प्रस्तावित टर्मिनल उद्घाटन स्थल का निरीक्षण करने के बाद वे हेलिकॉप्टर से पचपदरा के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 2:20 बजे रिफाइनरी परिसर पहुंचकर शाम 5:30 बजे तक तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।