राजस्थान के जोबनेर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जोबनेर-आसलपुर महलां सड़क मार्ग पर श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास केरिया नाडा के नजदीक एक निजी स्कूल की बाल वाहिनी और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
टक्कर के बाद सड़क पर पलट गई स्कूल बस
हादसे के समय स्कूल बस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सवार थे। स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब डेढ़ दर्जन बच्चे घायल बताए जा रहे हैं।
बस पलटने के बाद उसमें सवार बच्चों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
8-9 बच्चों को जयपुर किया गया रेफर
सभी घायल छात्र-छात्राओं को एंबुलेंस की मदद से जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायल बच्चों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।
घायलों में पायल, अर्चना, तनिष्क, रोशन तंवर, विशाल, सिमरन, सीमा, तनु, निकिता, लक्षिता, कल्पना, प्रिंस, कौशल, भूमिका, अर्चना, मीनाक्षी, सिमरन और सुमित सहित अन्य छात्र-छात्राओं के नाम सामने आए हैं।
चित्तौड़ से खाटूश्यामजी जा रहे थे स्कॉर्पियो सवार
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में स्कॉर्पियो सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं।
भीषण टक्कर में स्कूल बस और स्कॉर्पियो दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना के कारण जोबनेर-महला मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।