दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से आगरा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस का स्टीयरिंग अचानक फेल हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पेट्रोल-सीएनजी पंप में घुस गई। बस सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जा गिरी। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बस में सवार 14 यात्रियों में से तीन लोग घायल हो गए।

यह हादसा सुबह करीब 7 बजे मानपुर थाना क्षेत्र के संवास स्थित पेट्रोल-सीएनजी पंप पर हुआ। गनीमत रही कि बेकाबू बस पेट्रोल और सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीनों से महज कुछ फीट की दूरी से निकल गई। यदि बस मशीनों से टकरा जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका थी।

CCTV में कैद हुआ हादसा

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार बस अचानक नियंत्रण खो देती है और सीधे पेट्रोल पंप परिसर में घुस जाती है। बस सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए डिस्पेंसिंग मशीनों के बेहद करीब से निकलकर खेत में जाकर रुकती है। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

तीन यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में बस में सवार तीन यात्रियों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिकराय उपजिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को खेत से बाहर निकलवाया।

शुरुआती जांच में स्टीयरिंग फेल होने की बात

मानपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का स्टीयरिंग फेल होना सामने आया है। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

बड़ा हादसा टला

 बस यदि कुछ फीट इधर-उधर होती और पेट्रोल या सीएनजी मशीनों से टकरा जाती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। समय रहते बस का खेत में जाकर रुक जाना कई लोगों की जान बचाने वाला साबित हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।