किशनगढ़ | जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में PHED के सहायक अभियंता (AEN) समेत दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार इकोस्पोर्ट कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मृतकों के शव वाहन में ही फंस गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
किशनगढ़ शहर थाना प्रभारी बन्नालाल जाट ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3:45 बजे नसीराबाद पुलिया के पास हुआ। कार में सीकर के पीपराली रोड सूर्यनगर निवासी प्रदीप (30) पुत्र रामप्रसाद सर्वा, हरिपुरा निवासी ललित कुमार (31) पुत्र कजोड़मल और फतेहपुर निवासी अविनाश कुमार (32) पुत्र अनिल कुमार हुड्डा सवार थे। प्रदीप PHED में AEN के पद पर कार्यरत थे। तीनों दोस्त किसी काम से अजमेर जा रहे थे।
मौके पर ही दो की मौत
पुलिस के अनुसार टोल प्लाजा पार करने के बाद तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीट पर बैठे प्रदीप और ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे की सीट पर बैठे अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में फंस गए थे शव
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों और घायल युवक को बाहर निकाला। तीनों को तत्काल किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण (YN) अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्रदीप और ललित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अविनाश की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया।
कंटेनर चालक फरार
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। हादसे के कारण कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा।
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कंटेनर और उसके चालक की पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।