कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार कार, PHED के AEN समेत 2 दोस्तों की मौत; एक गंभीर घायल
जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर किशनगढ़ के पास तेज रफ्तार इकोस्पोर्ट कार आगे चल रहे कंटेनर में घुस गई। हादसे में PHED के AEN प्रदीप सर्वा और उनके दोस्त ललित कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कंटेनर चालक फरार है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
किशनगढ़ | जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में PHED के सहायक अभियंता (AEN) समेत दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार इकोस्पोर्ट कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मृतकों के शव वाहन में ही फंस गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
किशनगढ़ शहर थाना प्रभारी बन्नालाल जाट ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3:45 बजे नसीराबाद पुलिया के पास हुआ। कार में सीकर के पीपराली रोड सूर्यनगर निवासी प्रदीप (30) पुत्र रामप्रसाद सर्वा, हरिपुरा निवासी ललित कुमार (31) पुत्र कजोड़मल और फतेहपुर निवासी अविनाश कुमार (32) पुत्र अनिल कुमार हुड्डा सवार थे। प्रदीप PHED में AEN के पद पर कार्यरत थे। तीनों दोस्त किसी काम से अजमेर जा रहे थे।