जयपुर: राजधानी जयपुर में शनिवार रात एयरपोर्ट रोड पर एक पुलिस लिखी स्कॉर्पियो के हादसे के बाद जमकर हंगामा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रही वरना कार से भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और वाहन के अंदर रखी बीयर की कैन व बोतलें निकालकर बोनट पर रख दीं। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित 6 नंबर बस स्टैंड के पास हुई. 

 राजस्थान पुलिस लिखा वाहन सांगानेर से कोचिंग हब की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो डिवाइडर फांदकर रॉन्ग साइड में पहुंच गई। सामने से सांगानेर की ओर जा रही वरना कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दाहिना अगला टायर फट गया। वहीं वरना कार को भी भारी नुकसान पहुंचा। कार में तीन लोग सवार बताए गए हैं।

हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में करीब 150 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद कार को जल्दबाजी में मौके से हटा दिया गया, जिससे नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते भीड़ ने राजस्थान पुलिस लिखी स्कॉर्पियो को घेर लिया और उस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव में स्कॉर्पियो के शीशे टूट गए।

वाहन से मिलीं बीयर की कैन और बोतलें

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि भीड़ ने स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ने के बाद उसके अंदर से बीयर की कैन और बोतलें बाहर निकालीं और उन्हें वाहन के बोनट पर रख दिया। इस घटना को लेकर मौके पर काफी देर तक चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

भीड़ को शांत कराने वाले युवक से भी मारपीट

हंगामे के दौरान एक बाइक सवार युवक ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। युवक किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचा सका।

डेढ़ घंटे तक बाधित रहा यातायात

हादसे और हंगामे की सूचना मिलने पर पीसीआर और डायल-112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब डेढ़ घंटे बाद क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

दो थानों की सीमा पर हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे का स्थान प्रतापनगर और सांगानेर थाना क्षेत्रों की सीमा में आता है। लोगों का कहना था कि काफी देर तक हंगामा चलता रहा, लेकिन दोनों थानों के थानाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। उनका आरोप था कि यदि वरिष्ठ अधिकारी समय पर पहुंच जाते तो स्थिति इतनी तनावपूर्ण नहीं होती।

स्कॉर्पियो पर पुलिस लिखा, सफेद नंबर प्लेट और बीकन लाइट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में शामिल स्कॉर्पियो पर "राजस्थान पुलिस" लिखा हुआ था और उस पर पुलिस की फ्लैश लाइट (बीकन) भी लगी थी। बताया जा रहा है कि वाहन पर टैक्सी नंबर होने के बावजूद सफेद नंबर प्लेट लगी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि वाहन में एक कॉन्स्टेबल सुंदरम और ड्राइवर मौजूद थे।

आरपीएस अधिकारी से जुड़े होने की चर्चा

घटना के बाद मौके पर यह चर्चा भी रही कि स्कॉर्पियो जेडीए में कार्यरत एक आरपीएस अधिकारी को आवंटित है। हालांकि पुलिस या संबंधित विभाग की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों, वाहन की वैधता, उसमें मौजूद लोगों, वाहन से कथित तौर पर मिली बीयर की कैन और बोतलों, भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ तथा पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही हंगामे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।