जयपुर में पुलिस लिखी स्कॉर्पियो हादसे के बाद बवाल, भीड़ ने किया पथराव; वाहन से बीयर की कैन-बोतलें मिलीं
जयपुर के एयरपोर्ट रोड पर राजस्थान पुलिस लिखी एक स्कॉर्पियो डिवाइडर फांदकर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और वरना कार से टकरा गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए और अंदर से बीयर की कैन व बोतलें निकालकर बोनट पर रख दीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जयपुर: राजधानी जयपुर में शनिवार रात एयरपोर्ट रोड पर एक पुलिस लिखी स्कॉर्पियो के हादसे के बाद जमकर हंगामा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रही वरना कार से भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और वाहन के अंदर रखी बीयर की कैन व बोतलें निकालकर बोनट पर रख दीं। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित 6 नंबर बस स्टैंड के पास हुई.
राजस्थान पुलिस लिखा वाहन सांगानेर से कोचिंग हब की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो डिवाइडर फांदकर रॉन्ग साइड में पहुंच गई। सामने से सांगानेर की ओर जा रही वरना कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दाहिना अगला टायर फट गया। वहीं वरना कार को भी भारी नुकसान पहुंचा। कार में तीन लोग सवार बताए गए हैं।
हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा