जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद युवक करीब 20 फीट दूर जा गिरा, जबकि उसकी बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके चलते कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने के साथ ही कार के ऑटोमैटिक लॉक सिस्टम ने तीनों दरवाजे बंद कर दिए, लेकिन पीछे का एक दरवाजा खुल जाने से कार में सवार ज्वेलर और उसके दो साथी किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। यह हादसा 18 जुलाई की रात करीब 9 बजे जैसलमेर-नेहड़ाई रोड पर बोहा और नेहड़ाई गांव के बीच हुआ।

ग्राहक को गहने देकर लौट रहे थे ज्वेलर

जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी पंकज सोनी (28) अपनी स्विफ्ट कार से जैसलमेर से रामगढ़ लौट रहे थे। उनके साथ आगे की सीट पर उनके साले मोतीलाल सोनी (22) और पीछे की सीट पर महेंद्र सोनी (27) सवार थे। तीनों बोहा गांव में एक ग्राहक को सोने के गहने देकर वापस लौट रहे थे।

रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार चालक पंकज सोनी का कहना है कि बाइक सवार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आया और सीधे उनकी कार से टकरा गया।

टक्कर के बाद कार में लगी आग

हादसे के बाद बाइक कार के बोनट में फंस गई, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया और कार में आग लग गई। आग लगते ही कार के ऑटोमैटिक लॉक सिस्टम के कारण तीनों दरवाजे बंद हो गए। अंदर बैठे लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे। काफी मशक्कत के बाद पीछे का एक दरवाजा खुला, जिससे तीनों बाहर निकल पाए। हालांकि तब तक कार आग की लपटों में घिर चुकी थी और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर कबाड़ बन गई।

20 फीट दूर गिरा बाइक सवार, मौके पर मौत

भीषण टक्कर के कारण बाइक सवार युवक करीब 20 फीट दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार मोतीलाल सोनी के सिर पर भी चोट आई।

कार सवारों ने घायल बाइक सवार की मदद करने की कोशिश की। इसी दौरान मृतक के पास पड़े मोबाइल पर उसके परिजनों का फोन आया। कार सवारों ने कॉल रिसीव कर हादसे की जानकारी दी।

मोबाइल कॉल से परिजनों को मिली सूचना

सूचना मिलते ही नेहड़ाई गांव से मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। मृतक की पहचान नेहड़ाई निवासी फकीरा राम भील (28) के रूप में हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर नेहड़ाई चौकी प्रभारी देवी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों की मदद से शव को जैसलमेर के राजकीय जवाहिर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।

मोहनगढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टक्कर के वास्तविक कारण और सभी परिस्थितियों की गहन पड़ताल कर रही है।