जैसलमेर में भीषण सड़क हादसा: कार से टकराकर 20 फीट उछला बाइक सवार, मौत; कार में लगी आग, तीन लोग बाल-बाल बचे
जैसलमेर के मोहनगढ़ क्षेत्र में कार और बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक कार में फंसने से शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। ऑटोमैटिक लॉक होने के बावजूद कार में सवार ज्वेलर समेत तीन लोग पीछे का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में कार पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद युवक करीब 20 फीट दूर जा गिरा, जबकि उसकी बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके चलते कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने के साथ ही कार के ऑटोमैटिक लॉक सिस्टम ने तीनों दरवाजे बंद कर दिए, लेकिन पीछे का एक दरवाजा खुल जाने से कार में सवार ज्वेलर और उसके दो साथी किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। यह हादसा 18 जुलाई की रात करीब 9 बजे जैसलमेर-नेहड़ाई रोड पर बोहा और नेहड़ाई गांव के बीच हुआ।
ग्राहक को गहने देकर लौट रहे थे ज्वेलर
जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी पंकज सोनी (28) अपनी स्विफ्ट कार से जैसलमेर से रामगढ़ लौट रहे थे। उनके साथ आगे की सीट पर उनके साले मोतीलाल सोनी (22) और पीछे की सीट पर महेंद्र सोनी (27) सवार थे। तीनों बोहा गांव में एक ग्राहक को सोने के गहने देकर वापस लौट रहे थे।