जोधपुर जिले के कापरड़ा क्षेत्र के रावर गांव निवासी 26 वर्षीय मनोज ओड की कथित तौर पर किडनैपिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मनोज स्टेट लेवल कबड्डी खिलाड़ी रह चुका था और वर्तमान में पीटीआई भर्ती की तैयारी कर रहा था। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार मनोज गुरुवार रात करीब 8 बजे स्कॉर्पियो वाहन से 8 लाख रुपये लेकर पाली जिले की ओर रवाना हुआ था। उसे वहां से एक जेसीबी खरीदनी थी। उसके साथ गांव के दो अन्य लोग भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र में पहुंचते ही चार से पांच वाहनों में सवार 20 से 25 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने मनोज को स्कॉर्पियो से जबरन नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। मनोज के साथ मौजूद दोनों युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने मनोज को बिलाड़ा थाना क्षेत्र में ले जाकर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से बुरी तरह पीटा।

हमले में मनोज के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी उसे बिलाड़ा थाना क्षेत्र के लांबा गांव के पास घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मनोज को जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मनोज के चचेरे भाई अमन ने बताया कि मनोज ने वर्ष 2017-18 में कबड्डी की स्टेट लेवल टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उसने 2022 में बीपीएड की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में पीटीआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता और भाई ओडिशा में होटल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर धरना समाप्त किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज का कुछ समय पहले महेंद्र नामक व्यक्ति के साथ विवाद और मारपीट हुई थी, जिसका मामला बिलाड़ा थाने में दर्ज था। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया।

शिवपुरा थाना पुलिस ने श्यामलाल, दिनेश, सुनील, मेक सिंह उर्फ मैंकाराम, सोमराज, हरभजन और सांवरलाल सहित सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी जोधपुर जिले के हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।