जोधपुर के होटल कारोबारी के बेटे की हत्या, JCB खरीदने जा रहा था; रास्ते में किया किडनैप
जोधपुर जिले के रावर गांव निवासी और स्टेट लेवल कबड्डी खिलाड़ी मनोज ओड की पाली में कथित तौर पर किडनैप कर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
जोधपुर जिले के कापरड़ा क्षेत्र के रावर गांव निवासी 26 वर्षीय मनोज ओड की कथित तौर पर किडनैपिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मनोज स्टेट लेवल कबड्डी खिलाड़ी रह चुका था और वर्तमान में पीटीआई भर्ती की तैयारी कर रहा था। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार मनोज गुरुवार रात करीब 8 बजे स्कॉर्पियो वाहन से 8 लाख रुपये लेकर पाली जिले की ओर रवाना हुआ था। उसे वहां से एक जेसीबी खरीदनी थी। उसके साथ गांव के दो अन्य लोग भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र में पहुंचते ही चार से पांच वाहनों में सवार 20 से 25 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने मनोज को स्कॉर्पियो से जबरन नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। मनोज के साथ मौजूद दोनों युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने मनोज को बिलाड़ा थाना क्षेत्र में ले जाकर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से बुरी तरह पीटा।