बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले के कल्याणपुर ब्लॉक स्थित तिरसिगड़ी सोढ़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को दो महिला शिक्षिकाओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बच्चों को पढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं और अभिभावक दोनों शिक्षिकाओं को रोकने का प्रयास करते रहे। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ऊमादेवी और पुष्पा के बीच बच्चों की पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था को लेकर पहले बहस हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों शिक्षिकाएं एक-दूसरे से उलझ गईं और स्कूल परिसर में ही हाथापाई करने लगीं। इस दौरान कक्षाओं में मौजूद बच्चों और अभिभावकों के सामने काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और मामला शांत कराया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। विभाग ने पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस स्थान को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है, वहां इस तरह की घटनाएं बच्चों पर गलत प्रभाव डालती हैं और स्कूल का माहौल खराब होता है।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बुद्धाराम चौधरी ने बताया कि शिक्षा संस्थान में इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है। वायरल वीडियो के आधार पर जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट सोमवार तक मिलने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित शिक्षिकाओं के खिलाफ राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 की धारा 16 सीसी के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तिरसिगड़ी सोढ़ा स्थित इस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दोनों महिला शिक्षिकाओं सहित कुल पांच कर्मचारियों का स्टाफ कार्यरत है, जबकि यहां करीब 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में विद्यालय परिसर में हुई इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।