जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में शनिवार शाम जंगल की दुनिया का एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। आमतौर पर अपने इलाके में दबदबा रखने वाले 'किंग ऑफ झालाना' के नाम से मशहूर नर लेपर्ड राणा को इस बार एक विशालकाय नर नीलगाय के सामने पीछे हटना पड़ा। इस अनोखे घटनाक्रम ने सफारी पर आए पर्यटकों को भी हैरान कर दिया।

वॉटर पॉइंट पर हुआ आमना-सामना

घटना रिजर्व के एक वॉटर पॉइंट की है, जहां लेपर्ड राणा पहले से मौजूद था। इसी दौरान एक वयस्क नर नीलगाय पानी पीने के लिए वहां पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि लेपर्ड की मौजूदगी के बावजूद नीलगाय बिल्कुल भी नहीं डरी और पूरी शांति से पानी पीती रही।

राणा ने दिखाया रौब, लेकिन नीलगाय नहीं डरी

पानी पीने के दौरान राणा ने कई बार गुर्राकर और आक्रामक मुद्रा बनाकर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश की। लेकिन नीलगाय पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पानी पीने के बाद नीलगाय अपने लंबे और मजबूत सींग आगे करते हुए सीधे राणा की ओर बढ़ गई।

लेपर्ड ने लिया पीछे हटने का फैसला

कुछ पल तक दोनों आमने-सामने खड़े रहे। सामने विशाल शरीर और मजबूत सींगों वाली नीलगाय को देखकर राणा ने हमला करने के बजाय पीछे हटना ही बेहतर समझा। जंगल के सबसे चर्चित शिकारी को इस तरह पीछे हटते देख सफारी में मौजूद पर्यटक भी हैरान रह गए।

विशेषज्ञों ने बताई वजह

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, स्वस्थ और वयस्क नर नीलगाय पर लेपर्ड आमतौर पर हमला नहीं करते। नीलगाय का भारी शरीर, ताकत और नुकीले सींग लेपर्ड के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ऐसे में अनुभवी शिकारी अनावश्यक जोखिम लेने से बचते हैं।

कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ दृश्य

इस पूरे घटनाक्रम को वन्यजीव गाइड सीपी सैनी ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। यह वीडियो अब वन्यजीव प्रेमियों के बीच तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जंगल में हर बार शिकारी ही सबसे ताकतवर नहीं होता, बल्कि हालात और सही फैसला भी जीत तय करते हैं।