झालाना में पलटा जंगल का खेल! ‘किंग ऑफ झालाना’ राणा को नीलगाय के आगे पीछे हटना पड़ा
जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में एक दुर्लभ नजारा देखने को मिला। 'किंग ऑफ झालाना' कहे जाने वाले लेपर्ड राणा के सामने एक विशालकाय नर नीलगाय पूरी तरह बेखौफ नजर आई।
जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में शनिवार शाम जंगल की दुनिया का एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। आमतौर पर अपने इलाके में दबदबा रखने वाले 'किंग ऑफ झालाना' के नाम से मशहूर नर लेपर्ड राणा को इस बार एक विशालकाय नर नीलगाय के सामने पीछे हटना पड़ा। इस अनोखे घटनाक्रम ने सफारी पर आए पर्यटकों को भी हैरान कर दिया।
वॉटर पॉइंट पर हुआ आमना-सामना
घटना रिजर्व के एक वॉटर पॉइंट की है, जहां लेपर्ड राणा पहले से मौजूद था। इसी दौरान एक वयस्क नर नीलगाय पानी पीने के लिए वहां पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि लेपर्ड की मौजूदगी के बावजूद नीलगाय बिल्कुल भी नहीं डरी और पूरी शांति से पानी पीती रही।
राणा ने दिखाया रौब, लेकिन नीलगाय नहीं डरी
पानी पीने के दौरान राणा ने कई बार गुर्राकर और आक्रामक मुद्रा बनाकर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश की। लेकिन नीलगाय पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पानी पीने के बाद नीलगाय अपने लंबे और मजबूत सींग आगे करते हुए सीधे राणा की ओर बढ़ गई।