अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को राजस्थान सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। राज्य के वित्त (कर) विभाग ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। आदेश के अनुसार फिल्म पर लगने वाले एसजीएसटी (SGST) की भरपाई राज्य सरकार करेगी। यह व्यवस्था अगले छह महीने तक प्रभावी रहेगी। साथ ही सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स टिकटों की कीमतों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं कर सकेंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार को जयपुर के ईपी मिराज सिनेमाघर में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, अभिनेत्री कंगना रनौत, निर्माता जयंतीलाल गड़ा, निर्देशक मनोज तापड़िया और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रनौत ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि यह फिल्म नर्सिंगकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और उन अनसुने नायकों को समर्पित है जिन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जिंदगी बचाई थी। इस पर दिया कुमारी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात कही थी।

स्क्रीनिंग के अगले ही दिन राज्य सरकार द्वारा फिल्म को कर-मुक्त घोषित किए जाने को उसी पहल का परिणाम माना जा रहा है। वित्त विभाग के आदेश के अनुसार सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स दर्शकों से एसजीएसटी की राशि नहीं वसूलेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार से उसकी प्रतिपूर्ति प्राप्त करेंगे।

‘भारत भाग्य विधाता’ वर्ष 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। इसमें कामा अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल कर्मियों की बहादुरी को दिखाया गया है, जिन्होंने आतंकियों के हमले के दौरान मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अस्पताल में भर्ती लोगों की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया था।

जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत ने यह मुद्दा भी उठाया था कि हमले के दौरान साहस दिखाने वाले नर्सिंग स्टाफ को तत्कालीन महाराष्ट्र सरकार द्वारा घोषित अतिरिक्त वेतन और इंक्रीमेंट का लाभ आज तक नहीं मिल पाया। उन्होंने इसे स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अन्याय बताते हुए उनके सम्मान की जरूरत पर जोर दिया।

राजस्थान से पहले दिल्ली और हरियाणा सरकार भी फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर चुकी हैं। इसके साथ ही राजस्थान फिल्म को कर-मुक्त करने वाला तीसरा राज्य बन गया है।