राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि उनके खिलाफ 1980 से अब तक 156 मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें से अधिकांश राजनीतिक द्वेष भावना के तहत लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि जनहित और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करने के कारण उन्हें मुकदमों का सामना करना पड़ा।
डॉ. मीणा गुरुवार को सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में नवनिर्मित अभियोजन भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्य मंत्री गौतम कुमार दक और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौजूद रहे।
‘अब सिर्फ 13 मुकदमे बाकी हैं’
अपने संबोधन में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि आंदोलन करने पर उनके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज किए जाते थे। उन्होंने कहा, “1980 से लेकर अब तक मुझ पर 156 मुकदमे लगाए गए। इनमें से अधिकांश राजनीतिक द्वेष के कारण दर्ज हुए। अब केवल 13 मुकदमे ही शेष हैं।”
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति वास्तव में कानून को हाथ में लेता है, उसे किसी भी हालत में नहीं बचना चाहिए और कानून का पालन सुनिश्चित होना चाहिए।
‘यहीं पुलिस की लाठियां भी खाई थीं’
किरोड़ी लाल मीणा ने सवाई माधोपुर से जुड़े अपने पुराने आंदोलनों को याद करते हुए कहा कि यह वही कलेक्ट्रेट परिसर है जहां उन्होंने कई जन आंदोलनों का नेतृत्व किया था और पुलिस की लाठियां भी खाई थीं।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ सीमेंट फैक्ट्री आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बिरला कोटा से लोगों को लेकर आते थे और दोनों ने मिलकर यहां आंदोलन चलाया था।
‘सवाई माधोपुर से चुनाव लड़ता हूं तो मंत्री बनता हूं’
अपने खास अंदाज में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वे 1980 से राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन जब भी सवाई माधोपुर से चुनाव लड़ते हैं, मंत्री बन जाते हैं।
उन्होंने कहा, “2003 में सवाई माधोपुर से चुनाव लड़कर मंत्री बना था। बाद में कई जगहों से चुनाव लड़ा, लेकिन मंत्री नहीं बना। फिर घूमकर वापस सवाई माधोपुर आया और मंत्री बन गया।”
ओम बिरला ने न्याय व्यवस्था की भूमिका पर दिया जोर
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जब किसी व्यक्ति की उम्मीदें अन्य सभी जगहों से खत्म हो जाती हैं, तब वह न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाता है। इसलिए अभियोजन पक्ष का मुख्य उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाना होना चाहिए।
इस अवसर पर बिरला ने राजस्थान अभियोजन अधिकारी एसोसिएशन की नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा पुरोहित और कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही PCMS (Prosecutor and Case Management System) एप का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अभियोजन विभाग के अधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।