सिरोही जिले के आबू रोड स्थित द उम्मेद इंटरनेशनल स्कूल के छात्र लक्ष्यराज सिंह भाटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर देश, प्रदेश और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। लक्ष्यराज ने 11वीं इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (अंडर-17) में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

लक्ष्यराज सिंह भाटी, श्री समुद्र सिंह भाटी फोगेरा के पुत्र हैं। उन्होंने अपने खेल करियर में लगातार जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि धौलपुर और भीलवाड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में आयोजित अंडर-14 प्रतियोगिता और 11वीं SDPF (Sports Development & Promotion Federation) प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय अंडर-17 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारत का गौरव बढ़ाया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और समस्त विद्यालय परिवार ने लक्ष्यराज सिंह भाटी एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। विद्यालय ने विश्वास जताया कि लक्ष्यराज भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का तिरंगा बुलंद करेंगे और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।