शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने बाड़मेर जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षकों की गंभीर कमी का मुद्दा उठाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बाड़मेर जिला कलक्टर को पत्र लिखकर पंचायत समिति रामसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिश्नोइयों का तला (बलवंतसिंहपुरा, खारा राठौड़ान) में शिक्षकों की कमी दूर करने की अपील की है।
विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने अपने पत्र में बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है और उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी इसका असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर और समान शिक्षा का अधिकार है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह समय रहते आवश्यक कदम उठाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
विधायक भाटी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक विद्यालय में नियमित एवं स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत कम से कम दो योग्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से की जाए। उनका कहना है कि इससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी और विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने प्रशासन से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर कितनी जल्दी निर्णय लेता है और विद्यालय में शिक्षकों की कमी कब तक दूर हो पाती है।