राजस्थान में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए भेजे गए मिड-डे मील के दूध पाउडर की कथित हेराफेरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जयपुर ग्रामीण के सामोद थाना पुलिस ने मामले के तीसरे आरोपी मनोज कुमार बाजिया को गिरफ्तार कर लिया है। वह सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के सीहोट बड़ी गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों जगदीश और मामराज से पूछताछ के आधार पर मनोज कुमार की भूमिका सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब 5 हजार किलो दूध पाउडर 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच दिया था। इससे पहले पुलिस करीब 3 हजार किलो दूध पाउडर बरामद कर चुकी है।
यह दूध पाउडर पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील के लिए सप्लाई किया जाता था। मामले में राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच शुरू हुई थी।
प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के तार सीकर और चूरू तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा सरकारी सामग्री की हेराफेरी किस स्तर पर हुई। जानकारी के अनुसार, SVG कंपनी ने आरोपी मनोज कुमार को चूरू जिले के राजगढ़ ब्लॉक में दूध पाउडर सप्लाई की जिम्मेदारी दी थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।