प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर हैं। वे सुबह जोधपुर पहुंचकर 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसी मंच से प्रधानमंत्री संशोधित उड़ान (UDAN) योजना के दूसरे चरण की भी शुरुआत करेंगे, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जोधपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। नए टर्मिनल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा रवाना होंगे, जहां वे लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
480 करोड़ की लागत से बना आधुनिक टर्मिनल
जोधपुर का नया एयरपोर्ट टर्मिनल करीब 37 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। लगभग 24 हजार वर्गमीटर में बने इस भवन की लागत करीब 480 करोड़ रुपये है। यह मौजूदा टर्मिनल से छह गुना बड़ा है और इसकी यात्री क्षमता लगभग दस गुना तक बढ़ जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल में 6 एयरोब्रिज, 3 आधुनिक कन्वेयर बेल्ट, 5 लिफ्ट और एस्केलेटर, 240 यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग सुविधा वाली सीटें, 7 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, 2 वीआईपी लाउंज और एक एग्जीक्यूटिव लाउंज विकसित किए गए हैं। वहीं विमान पार्किंग क्षमता भी 4 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है।
राजस्थानी संस्कृति की झलक
नया टर्मिनल केवल आधुनिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया है। भवन की दीवारों पर जोधपुर के शौर्य, लोक संस्कृति और विरासत को दर्शाया गया है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए बलिदान देने वाली अमृता देवी और वीर दुर्गादास राठौड़ की पेंटिंग्स भी यात्रियों का स्वागत करेंगी।
केंद्रीय मंत्रियों ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने नए टर्मिनल का निरीक्षण किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर टर्मिनल की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि "म्हारो जोधपुर खूब उत्साहित है।" वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी नए टर्मिनल का वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत को ऐतिहासिक बताया।
यातायात व्यवस्था में बदलाव
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जोधपुर शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक वीवीआईपी मूवमेंट वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सर्किट हाउस से एयरफोर्स टेम्पो स्टैंड, पावटा से एयरफोर्स ऑफिसर्स मेस और डिफेंस एयरपोर्ट के पिछले गेट से झालामंड चौराहा तक आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
हालांकि एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को वैध फ्लाइट टिकट दिखाने पर प्रवेश की अनुमति रहेगी। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर सर्किट हाउस में स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां वे प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे।