राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल एक बार फिर तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा कि यदि कमेटी का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाता, तो एसोसिएशन में कानूनी शून्यता (लीगल वैक्यूम) की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। इसी वजह से एडहॉक कमेटी को फिलहाल अपना कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई है।
यह लगातार दसवीं बार है जब RCA की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया गया है। मार्च 2024 में तत्कालीन कार्यकारिणी को हटाकर राज्य सरकार ने तीन महीने के लिए इस कमेटी का गठन किया था और इसी दौरान चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि तय समय में चुनाव नहीं हो सके और तब से हर तीन महीने में इसका कार्यकाल बढ़ाया जा रहा है।
चुनाव टलने की वजह क्या रही?
एडहॉक कमेटी ने 24 जून 2026 को सरकार को भेजे अपने पत्र में बताया कि RCA की पूर्व कार्यकारिणी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की जांच अभी जारी है। इसके अलावा राज्य के कई जिला क्रिकेट संघों से जुड़े विवादों का भी निस्तारण होना बाकी है।
कमेटी के अनुसार, निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप चुनाव कराने के लिए इन मामलों का समाधान आवश्यक है। साथ ही मौजूदा घरेलू क्रिकेट सीजन में खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी लगातार किया जा रहा है। कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण भी चुनाव प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी।
पुरानी कमेटी ही संभालेगी जिम्मेदारी
सरकार ने एडहॉक कमेटी में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया है। मोहित यादव एक बार फिर कमेटी के कन्वीनर बनाए गए हैं। उनके साथ धनंजय सिंह, आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।
यह कमेटी राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रही है, क्योंकि इसके कई सदस्य प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक परिवारों से जुड़े हैं। मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र हैं। धनंजय सिंह स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र हैं। आशीष तिवाड़ी भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र हैं। अरिष्ट सिंघवी पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पौत्र हैं, जबकि अर्जुन बेनीवाल भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के पुत्र हैं। डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन भी कमेटी के सदस्य हैं।
सितंबर 2026 तक चुनाव कराने का लक्ष्य
सरकार ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि एडहॉक कमेटी को अगले तीन महीनों के भीतर RCA के उपनियमों के अनुसार नई कार्यकारिणी के चुनाव कराने होंगे। ऐसे में अब राजस्थान क्रिकेट जगत की निगाहें सितंबर 2026 तक प्रस्तावित चुनाव पर टिकी हुई हैं। यदि इस बार भी चुनाव समय पर नहीं हो पाए, तो एडहॉक व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े हो सकते हैं।