बीकानेर: अमेरिका की एफबीआई (FBI) की चार्जशीट में नाम आने के कुछ ही दिनों बाद राजस्थान के बीकानेर में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। देर रात जेसीबी मशीन से मकान के बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कार्रवाई की जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है। पुलिस और प्रशासन दोनों ने इस कार्रवाई से अनभिज्ञता जताई है, जिससे पूरे मामले पर रहस्य गहरा गया है।
लूणकरणसर क्षेत्र के तेजाणा ढाणी स्थित रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान में लंबे समय से कोई नहीं रह रहा था। देर रात अज्ञात लोगों ने जेसीबी की मदद से मकान के पिछले हिस्से को पूरी तरह गिरा दिया। कई दीवारें तोड़ दी गईं, जबकि आगे बने मुख्य हिस्से, दरवाजों और खिड़कियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस को भी सुबह ही इस घटना की सूचना मिली।
माता-पिता पहले से जेल में बंद
रोहित गोदारा के माता-पिता पहले से ही जेल में बंद हैं। रतनगढ़ (चूरू) में कांग्रेस नेता राजेंद्र बबेरवाल को फिरौती की धमकी और उन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच के दौरान गोदारा के पिता संत दास (70) और मां गीता (67) का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार दोनों गैंग के सदस्यों को आर्थिक मदद पहुंचाने में शामिल थे।
रतनगढ़ पुलिस ने 30 मई को दोनों को गिरफ्तार किया था। बाद में गीता को बीकानेर जेल भेज दिया गया, जबकि संत दास को हरियाणा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई और अदालत में पेश करने के बाद उन्हें भी जेल भेज दिया गया। दोनों पहले कपूरीसर स्थित मकान में रहते थे।
पुलिस बोली- शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई
बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि मकान गिराए जाने को लेकर अब तक किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं लूणकरणसर एसडीएम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
सबसे बड़ा सवाल- अगर प्रशासन नहीं, तो मकान किसने गिराया?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि यदि यह कार्रवाई प्रशासन या पुलिस की ओर से नहीं की गई, तो आखिर देर रात बुलडोजर लेकर कौन पहुंचा और मकान को ध्वस्त कर गया। अब तक किसी संगठन, प्रतिद्वंद्वी गैंग या अन्य व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। ग्रामीण भी इस मामले में खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम पर रहस्य और गहरा गया है।
FBI की चार्जशीट में आया रोहित गोदारा का नाम
पिछले सप्ताह अमेरिका में कनाडा के खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़े मामले में एफबीआई ने पहली बार चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें दावा किया गया कि हत्या की साजिश भारतीय जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और फरार गोल्डी बराड़ ने रची थी। चार्जशीट में रोहित गोदारा सहित कई भारतीय गैंगस्टरों के नाम भी शामिल हैं।
अमेरिका भारतीय अपराधियों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बॉल चला रहा है। इसी अभियान के तहत 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 37 लोगों के खिलाफ अमेरिकी फेडरल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। ऐसे में एफबीआई की चार्जशीट में नाम आने के कुछ ही दिनों बाद बीकानेर में रोहित गोदारा के मकान पर बुलडोजर चलने की घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।