बीकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के मकान पर चला बुलडोजर, पुलिस बोली- किसने गिराया, पता नहीं
अमेरिका की एफबीआई चार्जशीट में नाम आने के कुछ दिनों बाद बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर देर रात बुलडोजर चलाकर बड़ा हिस्सा ढहा दिया गया। पुलिस और प्रशासन ने इस कार्रवाई से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना के बाद यह सवाल बना हुआ है कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो मकान आखिर किसने गिराया।
बीकानेर: अमेरिका की एफबीआई (FBI) की चार्जशीट में नाम आने के कुछ ही दिनों बाद राजस्थान के बीकानेर में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। देर रात जेसीबी मशीन से मकान के बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कार्रवाई की जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है। पुलिस और प्रशासन दोनों ने इस कार्रवाई से अनभिज्ञता जताई है, जिससे पूरे मामले पर रहस्य गहरा गया है।
लूणकरणसर क्षेत्र के तेजाणा ढाणी स्थित रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान में लंबे समय से कोई नहीं रह रहा था। देर रात अज्ञात लोगों ने जेसीबी की मदद से मकान के पिछले हिस्से को पूरी तरह गिरा दिया। कई दीवारें तोड़ दी गईं, जबकि आगे बने मुख्य हिस्से, दरवाजों और खिड़कियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस को भी सुबह ही इस घटना की सूचना मिली।