भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में शानदार डेब्यू करने वाले राजस्थान के युवा स्पिनर मानव सुथार अपने गृह जिले श्रीगंगानगर पहुंचे, जहां जिला क्रिकेट संघ, परिवार और क्रिकेट प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेकर प्रभावित करने वाले मानव ने कहा कि भारतीय टीम के लिए खेलना उनका सबसे बड़ा सपना था और अब वह देश के लिए वर्ल्ड कप जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

घर पहुंचने पर उनकी मां ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया, जबकि शहर में कई जगह उनका सम्मान किया गया। क्रिकेट प्रशंसकों और बच्चों ने उनसे ऑटोग्राफ लिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

पहले विकेट के बाद बढ़ा आत्मविश्वास

मानव सुथार ने अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बताते हुए कहा कि पहली बार इतने बड़े मंच पर उतरते समय मन में घबराहट थी। उन्हें इस बात का डर था कि एक छोटी गलती भी मैच का रुख बदल सकती है। हालांकि पहला विकेट मिलते ही उनका आत्मविश्वास बढ़ गया और उन्होंने पूरे मैच में उसी लय के साथ गेंदबाजी की।

उन्होंने कहा कि हर क्रिकेटर का सपना भारतीय टीम की टेस्ट कैप पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना होता है और यह पल उनके जीवन का सबसे भावुक क्षण था।

सीनियर खिलाड़ियों से मिला हौसला

मानव ने बताया कि टेस्ट मैच के दौरान युवराज सिंह, रविचंद्रन अश्विन समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं और प्रेरणादायक संदेश भेजे, जिससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ।

उन्होंने यह भी बताया कि टेस्ट की तैयारी के दौरान उन्हें विराट कोहली को गेंदबाजी करने का मौका मिला, जिसे उन्होंने अपने करियर का बेहद खास अनुभव बताया।

वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर मानव ने कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। आईपीएल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह उन्हें फॉलो करते हैं। मानव ने कहा कि वह वैभव से भी लगातार सीखने की कोशिश करते हैं।

12 साल की मेहनत के बाद मिला मौका

मानव सुथार ने बताया कि एक मिडिल क्लास परिवार से भारतीय टीम तक का सफर आसान नहीं था। करीब 12 वर्षों की लगातार मेहनत, अनुशासन और फोकस के बाद उन्हें यह अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड कप खेलना और देश को गौरवान्वित करना है।

श्रीगंगानगर से टीम इंडिया तक का सफर

मानव सुथार ने श्रीगंगानगर की डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की बिहाणी क्रिकेट अकादमी से क्रिकेट की शुरुआत की थी। उनके कोच धीरज शर्मा ने बताया कि मानव की स्पिन गेंदबाजी शुरू से ही शानदार रही है और उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज वह भारतीय टीम तक पहुंचे हैं। उनका पहला चयन अंडर-14 क्रिकेट से हुआ था और बाद में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई।

मानव आईपीएल में गुजरात टाइटंस का भी हिस्सा रह चुके हैं, जहां उन्हें 20 लाख रुपये में टीम ने अपने साथ जोड़ा था।