Test Debut Hero Manav Suthar: श्रीगंगानगर पहुंचे मानव सुथार का भव्य स्वागत, बोले- अब वर्ल्ड कप जीतना है सपना
टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरने वाले राजस्थान के स्पिनर मानव सुथार का श्रीगंगानगर में भव्य स्वागत हुआ।
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में शानदार डेब्यू करने वाले राजस्थान के युवा स्पिनर मानव सुथार अपने गृह जिले श्रीगंगानगर पहुंचे, जहां जिला क्रिकेट संघ, परिवार और क्रिकेट प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेकर प्रभावित करने वाले मानव ने कहा कि भारतीय टीम के लिए खेलना उनका सबसे बड़ा सपना था और अब वह देश के लिए वर्ल्ड कप जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
घर पहुंचने पर उनकी मां ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया, जबकि शहर में कई जगह उनका सम्मान किया गया। क्रिकेट प्रशंसकों और बच्चों ने उनसे ऑटोग्राफ लिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
पहले विकेट के बाद बढ़ा आत्मविश्वास
मानव सुथार ने अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बताते हुए कहा कि पहली बार इतने बड़े मंच पर उतरते समय मन में घबराहट थी। उन्हें इस बात का डर था कि एक छोटी गलती भी मैच का रुख बदल सकती है। हालांकि पहला विकेट मिलते ही उनका आत्मविश्वास बढ़ गया और उन्होंने पूरे मैच में उसी लय के साथ गेंदबाजी की।