राजस्थान के बाड़मेर जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र स्थित दरुड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण, सिविल डिफेंस और आर्मी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

आर्मी की रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला

रेस्क्यू अभियान के दौरान आर्मी की टीम ने दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल बाड़मेर के जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान दरुड़ा गांव निवासी देवराज और किरता राम के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।