राजस्थान और दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में धूलभरी आंधी और तेज हवाओं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई जगहों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) प्रभावित हुई।
राजस्थान के चूरू जिले में स्थिति और गंभीर रही, जहां रेतीले तूफान के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। उत्तर दिशा से उठी तेज धूलभरी हवाओं ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया, जिससे सड़क पर चल रहे वाहनों को लाइटें जलाकर सफर करना पड़ा।
करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण तारानगर, राजगढ़, सरदारशहर और रतनगढ़ सहित कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
आंधी के बाद हल्की बारिश से राहत
धूलभरी आंधी के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शाम के समय मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
32 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 16 जून के लिए पूर्वी राजस्थान के 23 जिलों में तेज आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।