सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड्याई गांव में एक बेहद क्रूर और हैरतअंगेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे जंगल में बकरियां चराने गईं एक बुजुर्ग महिला कमला देवी (पत्नी रामनिवास मीणा) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पहले उनका गला रेत दिया और फिर दोनों पैर शरीर से अलग कर दिए, ताकि पैरों में पहने भारी चांदी के कड़े आसानी से लूटे जा सकें।

घटना का पूरा विवरण

कमला देवी कोड्याई गांव की निवासी थीं और रोज की तरह जंगल में अपनी बकरियां चराने गई थीं। उन्होंने पैरों में ढाई किलो वजनी चांदी के कड़े (खड़ुआ) पहने हुए थे, साथ ही सोने-चांदी के अन्य गहने भी थे। लुटेरों ने जंगल के सुनसान इलाके में उन पर हमला किया। पहले गला रेतकर उनकी हत्या की, फिर बड़े क्रूर तरीके से दोनों पैर काट दिए। पैरों के पंजे अलग कर दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने पैरों से चांदी के कड़े उतारे और अन्य गहने भी लूट लिए।

लूटे गए सामान

ढाई किलो वजनी चांदी के कड़े,25 ग्राम वजनी चांदी की चेन,सोने का जंतर,सोने के कुंडल,नथ (करीब पांच तोला सोने के गहने),महिला के पोते विकास ने बताया कि उनकी दादी की निर्मम हत्या कर दी गई है और लुटेरों ने सभी कीमती गहने लूटकर फरार हो गए।

पुलिस और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया

जंगल से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने घटना देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ जितेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि लुटेरों ने जंगल में ही महिला का गला रेतकर हत्या की और फिर पैर काटकर कड़े निकाल लिए। मौके से कटे हुए पैर के टुकड़े शरीर से करीब तीन मीटर दूर मिले। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।घटना की भयावहता से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोड्याई गांव की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। फिलहाल मौके पर पुलिस का भारी जाब्ता मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।